20/06/2018
अम्माँ तुम हम सबको बहुत डाँटती थी , “ नल धीरे खोलो ... पानी बदला लेता है ,अन्न नाली में न जाए नाली का कीड़ा बनोगी , सुबह –सुबह तुलसी पर जल चढाओं , बरगद पूजो , पीपल पूजो , आँवला पूजो , महुआ पूजो , मुंडेर पर चिड़िया के लिए पानी रखा कि नहीं , हरी सब्जी के छिलके गाय के लिए अलग बाल्टी में डालो , अरे कांच टूट गया है उसे अलग रखना कूड़े की बाल्टी में न डालना , कोई जानवर मुँह न मार दे , सत्यानाश ... ये हरे छिलके कूड़े में किसने डाले, नरक में भी जगह नहीं मिलेगी ........माफ़ करना माँ , तुम और तुमारी पीढ़ी इतना पढ़ी नहीं थी पर तुमने धरती को स्वर्ग बनाए रखा और हम चार किताबे पढ़ कर स्वर्ग –नरक की तुम्हारी कल्पना पर मुस्कुराते हुए धरती को नर्क बनाने में जुटे रहे |
विकास के साथ हमने जिस चीज का सबसे ज्यादा विनाश किया वो है हमारा पर्यावरण | पर्यावरण हमारे जीने का आधार है , इसकी उपेक्षा कर के हमने पृथ्वी पर जीवन को ही खतरे में डालने की शुरुआत कर दी है | आज अनेकों बीमारियाँ इसका परिणाम है | अगर अब भी नहीं चेते तो शायद चेतने का मौका भी न मिले | एक अमेरिकी कहावत है कि ये पृथ्वी हमें अपने बुजुर्गों से विरासत में नहीं मिली है बल्कि इसे हमने अपने बच्चों से उधार में लिया है | पर्यावरण की रक्षा करना हम सब का कर्तव्य है | हम सब को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा ...
आइये पेड़ लगाए ,
अपने आस –पास के सूखते पेड़ों को पानी दें ,
पालीथीन का प्रयोग बंद करें ,बाहर जाते समय कपडे का थैला ले कर जाएँ ,
घर की मुंडेर पर चिड़िया के लिए चावल के कुछ दाने और पानी रखे ....
और जिंतना हो सके आस –पास जाने के लिए वाहन का प्रयोग करने से बचे |
जितना जरूरत हो उतना ही खाना थाली में डाले ... अन्न की बर्बादी सिर्फ अन्न की बर्बादी नहीं उसके साथ तेल , पानी और उर्जा भी बर्बाद होती है |
जिस कमरे से बाहर निकले उसकी लाईट , ए सी बंद कर दे ... याद रखिये पैसा आप का हो सकता है पर संसाधन समाज के हैं |
मैंने अपने हिस्से की गलती को सुधारने की शुरुआत कर दी है और आपने..?