23/09/2026
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रेणुकाजी बांध परियोजना स्थल का दौरा किया और परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सिरमौर जिले के दौरे के दौरान, रेणुकाजी बांध परियोजना स्थल का दौरा किया और परियोजना के तहत निर्माणाधीन तीन डायवर्जन सुरंगों के निर्माण कार्य और प्रगति का जायजा लिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री को रेणुकाजी बांध परियोजना के महाप्रबंधक द्वारा परियोजना की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्य एवं आगामी कार्य योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी गयी एवं महाप्रबंधक ने उन्हें परियोजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया।
जैसा कि ज्ञात है, रेणुकाजी बांध परियोजना हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में गिरी नदी पर प्रस्तावित राष्ट्रीय महत्व की 40 मेगावाट की परियोजना है। परियोजना का प्राथमिक उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली को 23 क्यूमेक पेयजल उपलब्ध कराना है। इस परियोजना में 148 मीटर ऊंचा रॉक-फिल बांध और 40 मेगावाट बिजली संयंत्र शामिल है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री श्री हर्ष वर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री श्री रोहित ठाकुर, नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अजय सोलंकी, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी श्रीमती रजनी पाटिल, उपायुक्त सिरमौर श्री मती प्रियंका वर्मा, सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और महाप्रबंधक श्री अनूप शर्मा , अतिरिक्त महाप्रबंधक श्री विवेक वर्मा, रेणुकाजी बांध परियोजना के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।