29/10/2026
*समाचार* प्रबंध संचालक श्री अजय गुप्ता ने दमोह एवं पन्ना वृत्त की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, राजस्व वसूली में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
1 जनवरी 2027 तक बकाया राशि में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कमी लाने के निर्देश; छह माह से एक वर्ष तक के बकायादारों से प्रतिमाह 20 प्रतिशत अतिरिक्त वसूली, तीन वर्ष से अधिक के बड़े बकायादारों पर होगी डीआरए एवं कुर्की की कार्रवाई
पावर बीआई के लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण, 15 नवंबर तक बसाहटों के विद्युतीकरण सर्वे तथा प्रत्येक माह टॉप डिफेक्टिव मीटरों में से 10 प्रतिशत बदलने पर जोर
जबलपुर, 29 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, जबलपुर के प्रबंध संचालक श्री अजय गुप्ता ने 29 अक्टूबर 2026 को दमोह एवं पन्ना वृत्त की समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विद्युत चोरी पर नियंत्रण, खराब विद्युत मीटरों एवं वितरण ट्रांसफार्मरों को बदलने, उपभोक्ता शिकायतों के निराकरण तथा विद्युतीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बकाया वसूली के लिए श्रेणीवार लक्ष्य निर्धारित, प्रत्येक माह होगी निगरानी
प्रबंध संचालक श्री अजय गुप्ता ने निर्देश दिए कि मार्च 2026 की स्थिति में दर्ज बकाया राशि को 1 जनवरी 2027 तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कम किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी बकायादार उपभोक्ताओं की श्रेणीवार सूची तैयार कर प्रभावी वसूली कार्ययोजना बनाएं तथा उसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।
उन्होंने छह माह से एक वर्ष तक की अवधि के बकायादार उपभोक्ताओं से वसूली के संबंध में निर्देश दिए कि वर्तमान माह की कैश डिमांड के अतिरिक्त उनकी बकाया राशि का कम से कम 20 प्रतिशत प्रत्येक माह वसूल किया जाए। इस व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक माह वसूली की प्रगति की निगरानी की जाए।
तीन वर्ष से अधिक समय से बकाया रखने वाले बड़े बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार डीआरए एवं कुर्की की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बकाया राशि की वसूली के लिए मैदानी स्तर पर ठोस कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, ताकि लंबे समय से लंबित राजस्व की वसूली सुनिश्चित हो सके।
प्रबंध संचालक महोदय ने पावर बीआई (Power BI) में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप राजस्व संग्रहण करते हुए शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने गैर-घरेलू, औद्योगिक, कृषि पंप एवं उच्चदाब श्रेणी के उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति लाने तथा बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विद्युत चोरी पर अंकुश, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
समीक्षा के दौरान दमोह वृत्त में विद्युत चोरी के अधिक प्रकरण सामने आने पर प्रबंध संचालक महोदय ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा अनियमितताओं में संलिप्त उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने अधीक्षण अभियंता, दमोह को लापरवाह कनिष्ठ अभियंताओं के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने तथा सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले एक कनिष्ठ अभियंता को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीक्षण अभियंताओं एवं कार्यपालन अभियंताओं को राजस्व वसूली के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित परिणाम प्राप्त नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा।
15 नवंबर तक बसाहटों के विद्युतीकरण सर्वे का कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करें
प्रबंध संचालक महोदय ने पांच या उससे अधिक घरों वाले टोलों, मजदूर बस्तियों एवं अन्य बसाहटों में विद्युतीकरण की संभावनाओं का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पांच से दस, दस से पंद्रह तथा पंद्रह से बीस घरों वाली बसाहटों को सर्वे में शामिल करते हुए यह कार्य 15 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान चिन्हित सभी बसाहटों का समुचित विवरण तैयार किया जाए, ताकि वहां विद्युतीकरण की आवश्यकता का आकलन कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा सके।
प्रत्येक माह 10 प्रतिशत टॉप डिफेक्टिव मीटर बदलना अनिवार्य
प्रबंध संचालक महोदय ने उपभोक्ताओं के खराब एवं दोषपूर्ण विद्युत मीटरों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टॉप डिफेक्टिव मीटरों की सूची में शामिल मीटरों में से प्रत्येक माह कम से कम 10 प्रतिशत मीटर अनिवार्य रूप से बदले जाएं। इस कार्य की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने खराब एवं बंद मीटरों के कारण बिलिंग और राजस्व संग्रहण पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए मैदानी अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब वितरण ट्रांसफार्मरों (डीटीआर) को निर्धारित समय-सीमा में बदलने तथा ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने पर जोर दिया।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
प्रबंध संचालक महोदय ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर उपभोक्ताओं की वास्तविक समस्या के समाधान पर आधारित होना चाहिए। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
रबी एवं त्योहारी सीजन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें
प्रबंध संचालक श्री अजय गुप्ता ने आगामी त्योहारी पर्वों के दौरान सुचारू एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रबी सीजन में कृषकों को निर्धारित समयानुसार गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा विद्युत वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने सभी फीडरों में ट्रिपिंग कम करने, उपकेंद्रों एवं विद्युत उपकरणों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा मैदानी अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र में उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विद्युतीकरण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा विद्युत वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली अपनाएं
बैठक में प्रबंध संचालक महोदय ने सभी अधिकारियों को राजस्व वसूली, विद्युत चोरी पर नियंत्रण, उपभोक्ता शिकायतों के निराकरण, खराब मीटरों एवं ट्रांसफार्मरों को बदलने और विद्युतीकरण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंपनी के राजस्व में वृद्धि, विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी अपने निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करे तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरते।
उक्त समीक्षा बैठक में प्रबंध संचालक महोदय के साथ कॉर्पोरेट कार्यालय, जबलपुर से मुख्य महाप्रबंधक श्री एम.ए. कुरैशी, मुख्य महाप्रबंधक (वाणिज्य) श्री एस.के. निगम, अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक (वाणिज्य) श्री पी.के. अग्रवाल, मुख्य महाप्रबंधक (प्रवर्तन) श्री पी.के. क्षत्रिय, मुख्य महाप्रबंधक (कार्य) श्री ए.के. धुर्वे, सागर क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री एस.आर. येमदे, अधीक्षण अभियंता, दमोह एवं पन्ना, कार्यपालन अभियंता उत्तर एवं दक्षिण संभाग, दमोह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।